बांदा। अगला टायर फट जाने से प्राइवेट बस पलट गई, जिससे बस में सवार 50 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 16 यात्रियों को बांदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अधिकांश हमीरपुर जनपद के हैं। डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
रविवार सुबह सीमावर्ती हमीरपुर जनपद के गहबरा गांव से यात्रियों को लेकर प्राइवेट बस बांदा के लिए रवाना हुई। मटौंध सीमा से सटे जिगनौड़ा (हमीरपुर) गांव मोड़ पर बस अगला टायर फटने पर अचानक पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसा देख दौड़े ग्रामीणों नेें सामने का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और पांच सरकारी एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल कंडक्टर अशोक कुमार (57) टिकरी बुजुग, देवरतन (50) सुरहा, राजबहादुर (28) रीवन, जय सिंह (22), धर्मराज सिंह (35), राजकुमारी (56), आशीष (18), राममिलन (45) व उसकी मां केसर (60) करहिया, संगीता (24) जिगनौड़ा, मुन्ना (55), उमा देवी (35) व उसका पुत्र शिवा (6) खंडेह, चुन्नीलाल (45) गौरीकलां (बांदा), रेखा (27) इचौली और मूलचंद्र (66) फत्ते पुरवा को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। अन्य मामूली चुटहिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायलों के मुताबिक बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। घायल कंडक्टर ने बताया कि बस टिकरी गांव निवासी रविकरन सिंह की है। चालक की तरफ का अगला पहिया बस्र्ट हो जाने पर बस असंतुलित होकर पलट गई। फिलहाल चालक को ज्यादा चोट नहीं आई। उधर, डीएम अनुराग पटेल और एसपी अभिनंदन दोपहर बाद अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। घायलों का बेहतर इलाज करने के सीएमएस और डाक्टरों को निर्देश दिए।
दुर्घटनाग्रस्त बस। - फोटो : BANDA