बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की आमद के मद्देनजर सुरक्षा के इंतजाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। बैरक और परिसर पर रात-दिन नजर रखने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में आड़े आ रहे पेड़ों को काट-छांट दिया गया है।
रविवार को दिल्ली से आए इंजीनियरों ने सीसीटीवी कैमरों व जैमर को चेक किया। उनकी कमियां दुरुस्त कीं। मुख्तार को रखे जाने वाली बैरक (15 नंबर) में पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई कराई गई है। इस बैरक में अन्य बंदी नहीं पहुंच पाएंगे। तीन बंदी रक्षक बैरक के अंदर तैनात रहेंगे।
अगले तीन दिनों के अंदर मुख्तार अंसारी के पंजाब से यहां पहुंचने की संभावना है। जेल के अंदर चल रही कैंटीन में नाश्ता, मिठाई आदि रोजमर्रा इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री पर स्टाक कर दिया गया है। सीलबंद डिब्बों में रसगुल्ले और छेना सहित तेल, साबुन, कोल्ड ड्रिंक आदि की व्यवस्था की गई हैं।
कैंटीन में कोई भी बंदी अपनी जरूरत का सामान खरीद सकता है। जेल में दो जेनरेटर लगे हुए हैं। अब बैरक नंबर 15 व 16 में लगातार रोशनी के लिए इन बैरकों को जेनरेटर से जोड़ा गया है। इन्हीं बैरकों में मुख्तार अंसारी को रखा जाएगा। उधर, प्रभारी जेल अधीक्षक प्रमोद तिवारी का कहना है कि सुरक्षा में आड़े आने वाले पेड़ों को छांटा गया है। जो भी व्यवस्था की जा रही है, वह जेल मैनुअल के अनुरूप है। सुरक्षा व्यवस्था और चौकस की गई है।