बांदा। मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी बाईपास स्थित तिवारी टाटा मोटर्स वर्कशाप के पास मिले वाहन चालक के शव का रविवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसमें करंट से मौत की पुष्टि हुई है।
गिरवां थाना क्षेत्र के हुसैनपुर खुर्द गांव निवासी नीरज तिवारी (33) मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी बाईपास पर स्थित तिवारी टाटा मोटर्स वर्कशॉप में वाहन चालक था। उसका शव वर्कशाप के पास सड़क किनारे मुंह के बल पड़ा मिला था। हालांकि वर्कशॉप के पास से 11 हजार केवी लाइन गई है। आशंका जताई जा रही थी कि इसी से उतरे करंट चालक की मौत हुई होगी।
नीरज के भाई रामप्रकाश तिवारी ने हत्या की आशंका जताई थी। इसको लेकर पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में करंट से मौत होने की पुष्टि की गई है। भूरागढ़ चौकी इंचार्ज दारा सिंह ने बताया कि करंट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।