बांदा। नरैनी ईओ और एसडीएम के निलंबन की कार्रवाई से हिंदू संगठनों और गो रक्षकों का विरोध खत्म नहीं हो रहा है। विश्व हिंदू महासंघ ने शनिवार को पुन: डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को पांच सूत्री ज्ञापन भेजा। गायों को ले जाने और दफन करने के समय उपस्थित रहे अधिकारियों पर एफआईआर और बर्खास्तगी की मांग की। ज्ञापन देने वालों में महासंघ जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति, जिला प्रभारी विकास गुप्ता सहित राजेंद्र मिश्रा, सागर सिंह, सरोज त्रिपाठी, निरुपमा सिंह, अंजना आदि शमिल रहीं।
उधर, मुख्यालय स्थित स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट में राष्ट्रवादी गो सेवा दल ने अपना अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रखा। कहा है कि करीब 40 गायें दफनाईं गईं हैं। 200 अभी लापता हैं। गो सेवा दल के पास वीडियो और सुबूत हैं। सोमवार से शहर और गांव-कस्बों में भी आंदोलन होगा। शनिवार की शाम सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्ता और नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह अनशन स्थल पहुंचे। अनशन में डॉ. रमाशंकर विश्वकर्मा, बाबूराम निषाद, छात्र नेता सत्यम सिन्हा लव, उत्कर्ष कुमार, शालिनी पटेल, सनद दीपू, दुष्यंत त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।