बांदा। होली के मद्देनजर शासन के निर्देश पर पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में स्थित करीब बारह से ज्यादा देसी और विदेशी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। सीओ अजय भदौरिया ने बताया कि होली के त्योहार में मिलावटी या नकली शराब की बिक्री को रोकने के लिए कार्रवाई की गई है। स्टाक रजिस्टर देखा गया। हालांकि किसी दुकान में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। शराब दुकानदारों को निर्देश दिए कि अवैध शराब की बिक्री से बचें। नियम विरुद्ध कार्य करने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
--------------
शराब के साथ गिरफ्तार
तिंदवारी। इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने पट्टू उर्फ जय प्रताप (बगहा डेरा) को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसका आबकारी अधिनियम में चालान किया गया। (संवाद)
---------------
एनएनएस शिविर में खेलकूद हुए
तिंदवारी। शिव दर्शन महाविद्यालय एनएसएस प्रथम इकाई शिविर संकट मोचन मंदिर परिसर में लगा। छात्रों ने शारीरिक विकास के लिए खो-खो, कबड्डी आदि खेल हुए। खो-खो में बीए और बीएससी की छात्राएं विजयी रहीं। लक्ष्मी, दीपिका, साक्षी, रंजना, कोमल, रश्मी, पूजा, रीना, मनीषा आदि छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संस्कार, मनीष, राजवीर, लवलेश, सत्येद्र, अंतरा, प्रालती, सोनम, श्वेता, अंशिका, दिव्या, शैलजा आदि ने सफाई की। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. विजय प्रकाश शुक्ला, मंजू सिंह, अंशिका, विजयकरन, आलोक कुमार, बुद्धविलास आदि मौजूद रहे। (संवाद)
--------------
फोटो परिचय-7-महारत्न अवार्ड के साथ राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद।
राज्यसभा सांसद निषाद को महारत्न अवार्ड
बांदा। सपा राष्ट्रीय महासचिव व राज्य सभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद को राज्यसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन व जनहित के मुद्दों को उठाने पर महारत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। अवार्ड चेन्नई की एनजीओ प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन व ई-मैगजीन की ओर से दिया गया। यह अवार्ड पांच वर्षों में दिया जाता है। सांसद को महारत्न अवार्ड मिलने पर जिलाध्यक्ष विजय करन यादव, पूर्व अध्यक्ष शमीम बांदवी, राजेंद्र यादव, बबलू, हनीफ खां, लल्लू साहू, सुशील यादव, राममूरत, अनुपम लौहवंशी, शेखर शर्मा, उर्मिला वर्मा, श्रीराम यादव, अभिलाष यादव आदि ने खुशी जाहिर की है। (संवाद)
-----------------
माली पद का नाम बदलकर बागवान हो
बांदा। अखिल भारतीय श्रीमाली महासभा की बैठक में रोष जताया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भेजे गए 8 सूत्री मांगों पर सरकार ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया। पुन: डीएम के माध्यम से मांगपत्र मुख्यमंत्री को भेजने का निर्णय लिया।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार श्रीमाली ने कहा कि सभी विभागों में माली पद का नाम बदलकर बागवान किया जाए और इस पद पर सिर्फ माली जाति को नियुक्ति मिले। कहा कि साथ ही जनसंख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व मिले। प्रदेश उपाध्यक्ष छोटेलाल सैनी ने कहा कि सरकार भूमिहीन को पट्टा आवंटित करे, जिससे वह फूल और औषधीय खेती करके जीवन-यापन कर सकें। पुष्पकला बोर्ड की स्थापना हो। चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं हुआ तो समाज आंदोलन को बाध्य होगा। पंचायत और विधान सभा चुनाव में सबक सिखाया जाएगा। इस अवसर पर कौशल किशोर श्रीमाली, महावीर श्रीमाली, आशीष श्रीमाली आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------------
होली को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग जागा, नमूने लिए गए
बांदा। होली नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की भी नींद टूट गई। शहर सहित अतर्रा कस्बे में छापा मारकर एक दर्जन खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए। होली में मिलावटी खाद्य सामग्री व रंगीन कचरी की बिक्री रोकने के लिए विभाग ने सात दिवसीय चेकिंग अभियान शुरू किया है।
अभिहित अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी कमलेश्वर प्रसाद की अध्यक्षता में गठित टीमों ने शहर के कई मोहल्लों में जांच अभियान चलाया। छोटी बाजार स्थित किराना दुकान से बेसन, दूध डेयरी (बलखंडी नाका) में घी, तेरा (अतर्रा) गांव में दुकान से खोया का नमूना लिया। अतर्रा कस्बे में नरैनी रोड स्थित मिठाई की दुकान से खोया, बदौसा रोड दुकान से नमूने लिए। टीमों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेश कुमार, खाद्य सुरक्षा सचल दल के अनिल कटियार और अतर्रा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार, सौरभ उत्तम, महेंद्र पाल सिंह आदि शामिल रहे। अभिहित अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 27 मार्च तक चलेगा। मिलावटी सामान की बिक्री पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
---------------
फोटो परिचय-12-गौरैया दिवस पर पक्षियों के लिए पात्र में दाना-पानी डालते उप वनाधिकारी एमपी गौतम। साथ में तिरंगा समिति के शोभाराम कश्यप।
विश्व गौरैया दिवस पर संरक्षण का संकल्प
बांदा। विश्व गौरैया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वन कर्मियों और नागरिकों ने गौरैया बचाने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को कार्यालय परिसर में डीएफओ संजय अग्रवाल ने कहा कि संरक्षण व संवर्धन के चलते गौरैया की संख्या निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने सभी को संरक्षण का संकल्प दिलाया। उप वनाधिकारी एमपी गौतम ने गौरैया पक्षी के संरक्षण व संवर्धन के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे तिरंगा वितरण समिति की सराहना की। समिति संयोजक शोभाराम कश्यप ने कहा कि पीपल, बरगद, उमर जैसे पेड़ों को बढ़ाने में गौरैया की अहम भूमिका है। इस मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी श्याम लाल यादव, संजय श्रीवास्तव, वीरेंद्र सेन, रमेश पाल, उतिद गुप्ता, अनस सिद्दीकी, आदिल बेग आदि मौजूद थे। (संवाद)
-----------------
अराजकता पर होगी कठोर कार्रवाई
मरका। थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक में थाना प्रभारी रामआसरे सरोज ने कहा कि होली का त्योहार शांति पूर्ण व भाईचारे के साथ मनाएं। ऐसा कोई भी काम न करें, जिससे शांति व्यवस्था भंग हो। होली में अराजकता मचाने वालों पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। विवादित मामलों को गांव के बुजुर्गों से आपस में बैठ कर निपटाने को कहा। इस मौके पर शमशाद अहमद, सुरेंद्र कुमार, बच्चा सिंह, राजू मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, राम सुहावन, छेदीलाल, सुभाष चंद्र, चुनकावन, शिव प्रसाद, नासिर अली, गजानन पांडेय आदि मौजूद रहे। (संवाद)