परीक्षा के बाद शाम को बांदा रेलवे स्टेशन में उमड़ा परीक्षार्थियों का हुजूम।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में रविवार को पहले दिन यहां मंडल मुख्यालय में विभिन्न जनपदों से आए 12,296 (86 प्रतिशत) पुरुष और महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दो पालियों में हुई परीक्षा में पहली पाली में 999 और दूसरी में 961 (कुल 1960) परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मंडल मुख्यालय के 10 केंद्रों समेत कुल 11 परीक्षा केंद्रों में कुल 14,256 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
पुलिस भर्ती परीक्षा दो दिवसीय है। सोमवार को भी होगी। पहले दिन रविवार को पहली में 7128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। दूसरी पाली में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या भी इतनी ही थी। पहली पाली में 6129 और दूसरी में 6167 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली प्रात: 10 बजे और दूसरी 3 बजे से हुई। दोनों ही पालियों में दो-दो घंटे का समय निर्धारित था। परीक्षार्थियों को कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने थे। अधिकतम अंक 300 निर्धारित हैं। उधर, विभिन्न जनपदों से आए 12 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की उपस्थिति ने मंडल मुख्यालय में जगह-जगह जाम और भीड़ के हालात पैदा कर दिए।
दोनों ही पालियों में परीक्षा छूटने पर शहर की लगभग सभी सड़कों पर भारी जाम लग गया। हालांकि इसके लिए पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। हर चौराहे और तिराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात थी। उधर, परीक्षा केंद्रों में भी एक-एक उपाधीक्षक सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। डीआईजी एके राय, डीएम हीरा लाल, एसपी गणेश साहा, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, एएसपी एलबीके पाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, डिप्टी कलेक्टर मंसूर अहमद, एसडीएम सदर थमीम अंसरिया ए, डीआईओएस हिफजुर्रहमान, बीएसए हरिश्चंद्रनाथ आदि ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सोमवार को दूसरे दिन भी इन्हीं 11 केंद्रों में परीक्षा होगी। इसमें 14,256 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।