== नंदवारा कांड ==
= नौहाई के बाद फिर नंदवारा फिर पहुंची, थाने में पूछताछ के लिए ग्रामीणों को बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बृहस्पतिवार को नंदवारा गांव में ढाई घंटे बिताए। बृहस्पतिवार को सीओ के निर्देशन में टीम नंदवारा गांव में रही।
आरोपियों के रिश्तेदारों के अलावा करीब पांच-छह ग्रामीणों से पूछताछ की। तीन ग्रामीणों को थाने बुलाकर उनसे पूछताछ की गई। ग्रामीणों से छह वर्षीय मनोज और चार वर्षीय युवराज की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पूर्व में अपराधी रहे शेरा उर्फ ओमकार की भूमिका लगभग स्पष्ट हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उसके कई ठिकानों में दबिश दी गई है।
पूर्व में इस कांड में पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वर्तमान में पांचों आरोपी जेल में हैं। चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें पूर्व मंत्री पुत्र पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा, पूर्व हिस्ट्रीशीटर शेरा उर्फ ओमकार व दो महिलाएं शामिल हैं। इस कांड में पूर्व हिस्ट्रीशीटर की भूमिका पुलिस को लगभग स्पष्ट हो चुकी है।
हत्या में पूर्व अपराधी का हाथ शामिल होना माना जा रहा है। पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ सिटी एवं एसआईटी प्रमुख सौरभ सिंह ने बताया कि पूर्व अपराधी की गिरफ्तारी होने पर ही इस हत्याकांड से पर्दा उठ सकता है। उसकी तलाश में पुलिस लगी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
-
नामजद आरोपी के परिजन ने की सीबीआई जांच की मांग
बांदा। नंदवारा गांव में हुए दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले की नामजद आरोपी पूर्व मंत्री पुत्र महेंद्र पाल वर्मा के परिजन ने लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। परिजन ने हत्याकांड की सीबीआई जांच की सिफारिश करने के लिए सपा नेताओं से गुहार लगाई है।