मनोज मिश्रा को उपहार में बैट भेंट करते शाहिद जमा।
- फोटो : संवाद
बांदा। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला में रविवार को कांटे का मुकाबला हुआ। अंतिम ओवर तक चले मैच में पुलिस क्लब ने डीसीए ग्रीन को 11 रनों से शिकस्त दी। बल्लेबाज सलमान हाशमी का शानदार शतक भी अपनी टीम को हार से नहीं बचा सका।
पुलिस लाइन मैदान में रविवार को डीसीए ग्रीन व पुलिस क्लब के श्रृंखला का तीसरा मैच खेला गया। टॉस जीतकर पुलिस क्लब ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाज पवन के शानदार व तेज तर्रार 93 रन व संजय के ताबड़तोड़ 72 रनों की मदद से पुलिस क्लब ने निर्धारित बीस ओवरों में 226 रन बनाए। पुलिस क्लब की ओर से खेलते हुए डीआईजी राजेश एस ने भी 10 रनों का सहयोग किया। डीसीए ग्रीन की ओर से राहुल यादव ने तीन व अन्नू ने एक विकेट हासिल किया।
जीत के लिए मिले 227 रनों का पीछा करते हुए डीसीए ग्रीन की शुरुआत खराब रही। शुरुआती ओवराें में ही टीम ने 30 रनों के अंदर ही चार विकेट खो दिए। टीम को नाजुक हालत से निकालने की जिम्मेदारी उठाते हुए सलमान हाशमी ने शानदार शतक बनाते हुए 112 रन बनाए। सुप्रीत त्रिवेदी 45 व राहुल यादव 28 रन ने टीम को लक्ष्य के करीब तक पहुंचाया। अंतिम ओवर में टीम जीत से 11 रन दूर रह गई।
शृंखला में खेल रही तीनों टीमों ने अभी तक एक-एक मैच जीता है। मैच के दौरान यूएई टीम की ओर से खेलने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी शाहिद जमां खान भी मौजूद रहे। उन्होंने सीनियर खिलाड़ी मनोज मिश्रा को अपना बैट उपहार स्वरूप भेंट करते हुए सम्मानित किया। इस मौके पर डीसीए सचिव वासिफ जमां, धनंजय करवरिया, मनोज मिश्रा, विनय श्रीवास्तव, शिवप्रताप सिंह, सुनील सक्सेना, महेंद्र कछवाह, राजेंद्र अवस्थी, ज्ञान यादव, महेश, शुभम दुबे, सुधांशु खरे सहित अन्य पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद रहे।