अतर्रा। पुलिस ने शुक्रवार की रात मवेशियों से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा। मवेशियों को रस्सियों से कसकर बांधा गया था। कोतवाली उपनिरीक्षक रणजीत बहादुर, प्रदीप कुमार सोनी, हेड कांस्टेबल रोहित सिंह, कांस्टेबल अरुण कुमार ने कस्बे के गांधी तिराहे के पास पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। पीछा करते हुए मंडी के पास पुलिस कर्मियों ने वाहन रुकवाया। इस दौरान पिकअप वाहन में बैठे शुएब निवासी जमवारा और गोले पुरवा निवासी राजबहादुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनो आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 8615 रुपये नकद बरामद हुए। पिकअप वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया। (संवाद)
मारपीट और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज
अतर्रा। शादी के पांच माह बाद ही नवविवाहिता ने मारपीट और दहेज उत्पीड़न का मामला सुसरालीजनों पर दर्ज कराया है। कोतवाली अंतर्गत ग्राम इटरा खुर्द निवासी नवविवाहिता अभिलाषा देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी इसी वर्ष 12 फरवरी को पैलानी थाना निवासी रामबाबू के साथ हुई थी। ससुराल पहुंचते ही पति रामबाबू, सास शांति देवी, ससुर राजू गुप्ता और देवर भोला ने चार पहिया वाहन व पांच लाख रुपये की मांग की। न देने पर 31 मई को मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। कोतवाली पुलिस ने दहेज अधिनियम, मारपीट करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। (संवाद)