पीएम की रैली के प्रचार के लिए भाजपा नेताओं द्वारा रवाना किया जा रहा महारैली आमंत्रण रथ।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। महोबा में 24 अक्तूबर को हो रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली चित्रकूटधाम मंडल में विधान सभा चुनाव के लिए टिकट की उम्मीदें संजोए भाजपा नेताओं के लिए चेहरे और राजनीति चमकाने का जरिया बन गई है। टिकट के दावेदार और छुटभइया से लेकर बड़ा नेता तक प्रधानमंत्री और भाजपा के बड़े नेताओं चेहरों वाली होर्डिंग्स में अपना चेहरा फिट किए हैं। भीड़ जुटाने से ज्यादा खुद को उजागर करने की होड़ है।
24 अक्तूबर को पीएम नरेंद्र मोदी आल्हा-ऊदल की धरती महोबा आ रहे हैं। यहां लगभग एक घंटा रुककर जनसभा को संबोधित करेंगे। चित्रकूटधाम मंडल समेत सीमावर्ती मध्य प्रदेश के छतरपुर और पन्ना जिलों से भी जनसभा में भीड़ जुटाने की भाजपा नेताओं ने रणनीति बनाई है।
उधर, चित्रकूटधाम मंडल में मंडल की 11 विधान सभा सीटों पर भाजपा के 50 से अधिक नेता टिकट की लाइन में हैं। ये अपना नाम चमकाने में यह मौका चूकना नहीं चाहते। नतीजतन ये प्रधानमंत्री के आगमन का जमकर प्रचार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री से ज्यादा अपना चेहरा चमका रहे हैं। जगह-जगह लगी होर्डिंग्स में तमाम ऐसी भी हैं, जिनमें मोदी से बड़ा चेहरा होर्डिंग बनवाने वाले का है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में महज एक दिन बचे हैं। ऐसे में ‘अपनी ढपली अपना राग’ की तर्ज पर अलग-अलग वाहनों पर प्रचार वाहनों की होड़ लग गई है। लाउड स्पीकर और डीजे से शहर और गांवों में प्रधानमंत्री की जन सभा का प्रचार किया जा रहा है। प्रचार में ये नेता अपना नाम ज्यादा उजागर कर रहे हैं।