फोटो-2-वॉलीबाल खेलते खिलाड़ी। संवाद
बबेरू। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैलाशपति इंटर कॉलेज बेर्राव के क्रीड़ा मैदान में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें वॉलीबाल-कबड्डी और बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने दम दिखाया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी शिवपूजन सिंह और क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक अधिकारी सतीश कुमार ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने जोश के साथ मुकाबले खेले। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, व्यक्तित्व और खेल जगत में उनके योगदान के बारे में खिलाड़ियों को जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित खेल अभ्यास के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में अंपायर की भूमिका राजेंद्र कुमार और विनय सिंह ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में सतीश कुमार ने अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।