फोटो- 09 सिविल लाइंस में सड़क को खोदती जेसीबी मशीन व काम करते मजदूर। संवाद
बांदा। सिविल लाइंस के पास जल संस्थान की मुख्य पाइप लाइन में तीन दिनों से हो रहे लीकेज ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विभागीय ठेकेदार बीते तीन दिनों से खोदाई कर पाइप फॉल्ट ढूंढने का दावा कर रहा है लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। लगातार बहता पानी जहां बर्बादी का कारण बन रहा है, वहीं आसपास रहने वाले लोगों को स्वच्छ जल आपूर्ति में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
इसे अलावा ठेकेदार द्वारा न तो बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही रात में दिखने वाली रेडियम टेप। स्थानीय नागरिक ऋतुराज सिंह ने बताया कि बीते दो दिनों में यहां से गुजरते समय कई बाइक सवार गिरते-गिरते बचे। बावजूद इसके ठेकेदार की ओर से मौके पर न सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए। अधिशासी अभियंता सौरभ प्रकाश ने बताया कि संबंधित संस्था ने बिना अनुमति के खोदकर कर पाइप लाइन तोड़ी है। वह मरम्मत कर रहे हैं। संबंधित फर्म को जल्द ही नोटिस जारी कर कार्य शीघ्रता के साथ कराया जाएगा।