बांदा। घर से अलग केन नदी बंधा के पास मकान बनवाकर रह रहे नगर पालिका संविदा कर्मी ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने देखा तो जानकारी हुई। परिजन कोई कारण नहीं बता सके हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी रमेश ने बताया कि उसका भतीजा रोहित (28) बांदा शहर के खुटला रहुनियां के पास स्थित केन नदी बंधा के पास मकान बनवाकर रह रहा था। वह यहां संविदा में नगर पालिका में कार्यरत था। मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे उसका शव मकान में लगे टप्पर की बल्ली से साफी के सहारे लटका मिला।
वहां आसपास रहने वालों ने पुलिस और परिजन को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चाचा ने बताया कि रोहित के माता-पिता हमीरपुर के मौदहा में रहते हैं। पिता बिंदेश्वरी प्राइवेट नौकरी करते हैं। यहा तीन भाइयों में सबसे बड़ा अविवाहित था।
उसने किस वजह से खुदकुशी की वह नहीं बता सकते। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)