बांदा। बिजली के साथ शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति भी रुला रही है। शनिवार को सुबह चार बजे बिजली का खंभा गाड़ते समय जल संस्थान की पाइप लाइन ध्वस्त हो गई। इससे बलखंडीनाका व आसपास के कई मोहल्लों में लोग इस भीषण गर्मी में पानी को तरस गए। जल संस्थान एक्सईएन के दबाव पर बिजली विभाग ने पोल उखड़वाया, तब कहीं शाम तक लाइन दुरुस्त हो सकी।
बिजली विभाग रिवैंप योजना के तहत शहर में नए विद्युत पोल लगाने का काम कर रहा है। शनिवार को सुबह चार बजे बलखंडी नाका पुलिस चौकी के पास बिजली विभाग के कर्मचारियों ने जेसीबी से खोदाई कर पोल लगाया, तभी जल संस्थान की मेनलाइन ध्वस्त हो गई। इससे सड़क में चारों तरफ पानी बहता रहा।
करीब छह बजे जब लोगों के घर पानी नहीं आया तो जल संस्थान के अधिशासी अभियंता व अन्य कर्मचारियों को फोन से जानकारी दी। एक्सईएन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर पोल हटवाने का दबाव बनाया। दोपहर बाद करीब तीन बजे बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पोल हटवाया। इसके बाद जल संस्थान कर्मचारियों ने ध्वस्त पाइप लाइन दुरुस्त की। पूरे दिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहता रहा तो दूसरी तरफ लोग एक बाल्टी पानी को तरसते रहे।
इसके पहले आवास विकास व स्टेडियम के पास भी पोल लगाते समय पाइप लाइन ध्वस्त हो गई थी। उधर, बलखंडी नाका मोहल्ले के शिवबिलास गुप्ता व नन्हेंराजा ने बताया कि आसपास हैंडपंप नहीं होने से लोगों को डिब्बे खरीद कर पीना पड़ा।
वर्जन
-बलखंडी नाका मोहल्ले में बिजली कर्मचारियों ने जेसीबी से पाइप लाइन तोड़ी है। इसको बनवा दिया गया है। रविवार को यहां सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति कराई जाएगी। -राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान, बांदा