बांदा। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसमें 1132 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराया गया है। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट व आब्जर्वर की निगरानी में परीक्षा होगी। शनिवार को केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां चलती रहीं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी इस वर्ष भी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा करा रहा है। डीआईओएस विजय पाल सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए आदर्श बजरंग इटंर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज व राजकीय महिला डिग्री कॉलेज को केंद्र नामित किया गया है। यहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में दो पालियों में प्रवेश परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को डीएम ने नकलविहीन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस दौरान परीक्षार्थियों की मुख्य गेट पर सघन तलाशी होगी। मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस आदि गेट के बाहर ही जमा करने होंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट सुबह ही केंद्रों में परीक्षा सामग्री उपलब्ध कराएंगे। प्रत्येक केंद्र में एक आब्जर्बर भी तैनात रहेंगे। उधर, शनिवार को आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक मेजर मिथलेश कुमार ने कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक की। सभी को परीक्षा कराने के लिए प्रशिक्षित किया गया।