बांदा। गुजरात अहमदाबाद से प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लादकर बिहार जा रहा पिकअप देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव के पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े ट्रक से भिड़ गया। हादसे में खलासी की मौत हो गई।
महोबा जनपद के श्रीनगर थाना क्षेत्र के कैमाहा गांव निवासी जयंद्र सिंह ने बताया कि उसका भतीजा महेंद्र सिंह (21) अपने दिल्ली निवासी ट्रांसपोर्टर विपिन कुमार के साथ पिकअप में गुजरात के अहमदाबाद से प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लादकर बिहार जा रहे थे। पिकअप गाड़ी के साथ स्कार्ट भी चल रहा था। रात करीब दो बजे पिकअप बांदा के देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो सड़क पर खड़े ट्रक से भिड़ गया। हादसे में महेंद्र सिंह गंभीर घायल हो गया। रात में ही उसे स्कार्ट ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उसने दम तोड़ दिया। (संवाद)