नरैनी (बांदा)। नरैनी कोतवाली अंतर्गत नहरी गांव के लक्ष्मी बाजार में चोरों ने कटर से दरवाजे काटकर घर से करीब 50 लाख के जेवर और छह हजार रुपये की नकदी चुरा ली। यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुई जब घर की महिलाएं गर्मी के कारण छत पर सो रही थीं। सुबह नीचे आने पर चोरी का पता चला।
महेंद्र करवरिया के घर में उनकी पत्नी आशा और बेटी अंजलि रहती हैं। चोरों ने कटर से मुख्य दरवाजा और गैलरी का दरवाजा काटकर घर में प्रवेश किया। चोर सोने का हार, चूड़ियां, मंगलसूत्र, बिंदी और झुमकी ले गए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। बक्से में रखे छह हजार रुपये भी चोरी हो गए। आशा ने बताया कि यह जेवर उनकी बेटी के अगले वर्ष होने वाले विवाह के लिए बनवाए गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार साहू और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहाड़ से खाली बॉक्स और कुछ सामान बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर कार्रवाई होगी।
चोरी के लिए कटर का किया इस्तेमाल
चोरों ने कटर का इस्तेमाल कर घर में सेंध लगाई। वे चोरी के बाद घर के सामने स्थित पहाड़ से होकर गुजरे। पहाड़ पर उन्होंने बक्से का ताला तोड़ा और जेवर निकालकर बक्सा वहीं फेंक दिया। पुलिस को पहाड़ से खाली बक्से और कुछ सामान मिले हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी गांव में ऐसी ही घटना हुई थी।
शराब ठेका पर लगता है जमावड़ा, जताया संदेह
जिस घर में घटना हुई है, उनके पड़ोसियों प्रशांत पांडेय, पप्पू अहिरवार, सिद्धपाल आदि ने बताया कि लक्ष्मी बाजार में शराब की दो दुकानें हैं। यहां पर रात 12 बजे तक भीड़भाड़ रहती है। आए दिन लोग शराब के नशे में झगड़ा करते है। साथ ही कुछ लोग अराजकता भी फैलाते हैं। संदेह जताया कि इन्हीं में से किसी ने घटना को अंजाम दिया है। इसके साथ ही पड़ोसियों ने पहाड़ के नीचे मध्यप्रदेश सीमा से लगे कुछ गांवों के लोगों पर भी संदेह जताया है।
फोटो - 17 पहाड़ के ऊपर मिला बिखरा सामान। संवाद