बांदा। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होगी। इसके लिए नौ केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 4,392 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शुक्रवार 30 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को सभी केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया और उनकी ड्यूटी निर्धारित की गई।
परीक्षा केंद्रों में पंडित जेएन डिग्री कॉलेज, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, तिंदवारा इंटर कॉलेज, भागवत प्रसाद एकेडमी और विद्यावती निगम मेमोरियल इंटर कॉलेज शामिल हैं। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। बृहस्पतिवार को सभी केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम मायाशंकर ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित समय पर परीक्षा कराई जाएगी।
-
बैग-मोबाइल जमा करने के लिए अलग काउंटर
परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के बैग और मोबाइल जमा कराने के लिए केंद्रों पर अलग काउंटर बनाए जाएंगे। अभ्यर्थी अपना सामान यहां जमा कर सकेंगे। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो।