शिलान्यास पट के पास प्रदर्शन करते बसपाई
- फोटो : अमर उजाला
सपा सरकार में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नरैनी से विधायक रहे बसपा नेता जीसी दिनकर द्वारा बनवाए गए संपर्क मार्ग पर लगे शिलापट्ट को अराजकतत्वों ने उखाड़कर फेंक दिया। इससे आक्रोशित बसपा कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
जीसी दिनकर ने अपने कार्यकाल में विधायक निधि से अतर्रा ग्रामीण के भोड़ा पुरवा, बस्तरा तालाब, देवनाथ चौरिहा पुरवा आदि को संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए सीसी सड़कों का निर्माण कराया था। निर्माणस्थल पर शिलान्यास का उनके नाम का शिलापट्ट लगाया गया था। बुधवार को अराजकतत्वों ने सभी शिलापट्ट उखाड़ फेंके। बसपा कार्यकर्ताओं को इसकी खबर मिली तो मौके पर पहुंच गए और विरोध कर नारेबाजी करने लगाए।
बसपा के मंडलीय कोआर्डिनेटर रामकिशोर वर्मा का आरोप है कि यह हरकत भाजपाइयों की है। विरोध जताने वालों में मनोज चौरिहा, अंबरीश गर्ग (चौरिहन पुरवा), कमलेश वर्मा, पूर्व प्रधान मोहनलाल, रज्जन विश्वकर्मा, रामभवन, रामसनेही, धर्मेंद्र (भोड़ा पुरवा) आदि शामिल थे। इन सभी ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उधर, एसडीएम अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।