पॉजिटिव केस मिलने के बाद हॉटस्पॉट घोषित क्षेत्र के नहरी और रेहुंची गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। अब तक दोनों गांवों में 35 लोगों को चिह्नित कर उनके नमूने लेने के साथ ही उन्हें क्वारंटीन करते हुए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
संक्रमण के डर से दोनों गावों के लोग सहमे हैं। पुलिस तैनात होने से गांवों में सन्नाटा है। सीएचसी अधीक्षक डा. बीएस राजपूत ने बताया कि नहरी में दो और रेहुंची में तीन मेडिकल टीमें लगाई गई है। यह वहां सैनिटाइजेशन और ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। अब तक 250 परिवारों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
गांवों के सभी घरों को सैनिटाइज किया जा रहा है। अधीक्षक ने बताया कि नहरी गांव के 18 और रेहुंची के 17 लोगों को एल-1 कोविड-19 सेंटर में क्वारंटीन किया गया है। इन सभी का स्वैग नमूना जांच को भेजा जा रहा है।
रेहुंची गांव में जो युवक पॉजिटिव पाया गया था, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है लेकिन उसकी वृद्ध मां संक्रमित पाई गई है। माना जा रहा कि पुत्र की उम्र कम होने से संक्रमण जल्द खत्म हो गया लेकिन वृद्ध मां का संक्रमण बरकरार है।