मुख्य चौराहे पर लोगों को समझाते सीओ। संवाद
नरैनी(बांदा)। सड़क किनारे गोवंश का सिर मिलने से भड़के गो सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कोतवाली में हंगामा किया। मामले में सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी कोतवाली पहुंचे, उसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद मामले का खुलासा कर दिया।
सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि बरुआ स्योढ़ा गांव निवासी विद्या देवी के घर दो दिन पहले एक गोवंश ने मृत बछिया को जन्म दिया था। परिजनों ने मृत बछिया को डलवे में रखकर घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर खुले मैदान में फेंक दिया था। आशंका जताई गई कि कुत्तों ने शव को घसीटकर अलग-अलग स्थानों पर पहुंचा दिया। जिससे सिर अलग होकर सड़क किनारे पड़ा मिला।
पुलिस ने मामले में गोवंश का पोस्टमार्टम भी कराया है। सदर पशु चिकित्साधिकारी रमेश कुमार सहित तीन सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर परीक्षण किया। होली के त्योहार के दौरान इस तरह की घटना से पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
जाम की आशंका को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी, कस्बा इंचार्ज रक्षा सेन, गिरवां थाना प्रभारी सुरेश सैनी, करतल चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक कल्बे अब्बास सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।