People of Bengalipura created a ruckus by keeping utensils for water
- फोटो : BANDA
बांदा। भीषण गर्मी में पानी संकट से जूझ रहे बंगालीपुरा के लोगों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बांदा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खाली बर्तन और डिब्बे रखकर जाम लगाकर हंगामा किया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अधिकारियों के आश्वासन और टैंकरों से जलापूर्ति पर जाम खत्म किया।
करीब एक घंटे के जाम में कई रोडवेज बस समेत छोटे-बड़े वाहन फंस गए। कुछ लोगों ने निकलने के लिए जबरदस्ती की तो उन्हें महिलाओं के गुस्से का शिकार होना पड़ा। कुछ देर बाद प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत और सिविल लाइन चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह फोर्स के साथ आ गए।
सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता ने समझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन जाम लगाए महिला-पुरुष जलापूर्ति की मांग पर अड़े रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट के शीघ्र जलापूर्ति सुचारु करने और तब तक टैंकरों से पर्याप्त आपूर्ति किए जाने के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। जल संस्थान और नगर पालिका ने टैंकर से जलापूर्ति शुरू कराई। संजय राजपूत, अनिल कुमार, दिलीप राजपूत, अभिमन्यु, प्रशांत, सुनील, मुलिया, सावित्री, रजनी देवी आदि ने बताया कि छह दिन से जलापूर्ति नहीं हो रही। टैंकर से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। हैंडपंप भी खराब है। जल संस्थान के अभियंताओं को जानकारी दी गई, फिर भी संकट दूर नहीं हुआ। चेतावनी दी कि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर जाम लगाया जाएगा। पानी संकट की समस्या की जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी सुध नहीं लेते।