बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अध्यापकों के लंबित पेंशन मामलों के निपटारे के लिए मंडलीय पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में होगी।
यह अदालत पहली अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे बांदा स्थित आयुक्त कार्यालय में लगेगी। इसमें बांदा, हमीरपुर, महोबा व चित्रकूट जनपदों के राजकीय कार्यालयों तथा उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के प्राइमरी व जूनियर हाई स्कूल से सेवानिवृत्त कार्मिकों/अध्यापकों व उनके आश्रितों के पेंशन, उपादान व पेंशन पुनरीक्षण जैसे लंबित लाभों से संबंधित वाद सुने जाएंगे। संबंधित वाद पत्र/प्रत्यावेदन निर्धारित प्रारूप पर तीन प्रतियों में अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के कार्यालय में पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से 19 मार्च 2026 की सायं चार बजे तक जमा किए जा सकते हैं। वाद पत्र की एक प्रति संबंधित कार्यालयाध्यक्ष को अनिवार्य रूप से देकर प्राप्ति रसीद लेना भी आवश्यक है।