बांदा सब्जी मंडी में लहसुन-प्याज के भाव पूछते डीएम अमित सिंह बंसल। साथ में एसपी डा.एसएस मीणा।
- फोटो : BANDA
बांदा। लॉकडाउन में शहर का जायजा लेने शुक्रवार को डीएम अमित सिंह बंसल और एसपी डा.सिद्धार्थ शंकर मीणा लाव लश्कर के साथ निकल पड़े। डीएम ने एक तरफ जहां सब्जी मंडी में घुसकर दुकानदारों से भाव पूछे। वहीं सड़कों पर नजर आए लोगों को रोका-टोका। कुछ को बेवजह घूमने पर चेतावनी दी।
डीएम औ र एसपी ने भ्रमण की शुरूआत अलीगंज पुलिस चौकी से की। मंडी समिति, छोटी बाजार, छिपटहरी, कोतवाली रोड आदि का पैदल भ्रमण किया। मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन कराएं। डीएम ने सब्जी मंडी में सब्जियों के भाव पूछे। गैस लेकर जा रहे हॉकरों को रोककर उनसे पूछताछ की और सिलेंडर के रेट की जानकारी ली।
शाम को शहर की सड़कों को डिस इन्फेक्शन करने के लिए हाइपो सोडियम क्लोराइड सॉल्यूशन का फायर ब्रिगेड के चार फायर टेंडरों से शहर में छिड़काव कराया। इन्हें हरी झंडी देकर अलीगंज चौकी से रवाना किया। कहा कि तीन दिन शहर में यह छिड़काव चलेगा। कुछ मोबाइल फोन पर कोरोना वायरस की दवा मिलने के फेक और भ्रामक मैसेज पर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
व्यापारी की रिपोर्ट, 12 बाइक चालकों पर कार्रवाई
बांदा। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 188 के तहत एक और दुकानदार के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। अब तक तीन दुकानदारों व 23 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लॉकडाउन के बाद भी लोग सड़कों पर नजर आ रहे है। ऐसे में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरूवार को प्रतिबंध के बाद भी दुकान खोलने पर एक दुकानदार के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। 13 वाहन चालकों का चालान किया गया।