मुक्तिधाम में वापस ट्री-गार्ड लाता रिक्शा चालक।
- फोटो : अमर उजाला
हरदौली घाट स्थित मुक्तिधाम में रखवाए गए ट्री-गार्ड को लेकर भाजपा नेता और सपा के नगर पालिका अध्यक्ष मोहन साहू सहित वार्ड सदस्य व अन्य आमने-सामने आ गए हैं। अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन को इस पर कार्रवाई करना चाहिए। भाजपा नेताओं का कहना है कि ट्री-गार्ड भाजपा विधायक के निजी खर्च से बने हैं।
सोमवार को मुक्तिधाम में तैनात नगर पालिका के आउटसोर्सिंग चौकीदार राकेश कुमार ने पालिका अध्यक्ष को दी अर्जी में बताया कि सुबह करीब 6 बजे दो व्यक्तियों ने मुक्तिधाम का फाटक खुलवाया और लोडर अंदर ले आए। परिसर में रखे ट्री-गार्ड उठाकर ले जाने लगे। उसने टोका तो कहा कि विधायक ने मंगवाए हैं। इसी बीच स्थानीय वार्ड मेंबर बाबूराम निषाद भी पहुंच गए। उन्होंने भी ट्री-गार्ड ले जाने का विरोध किया।
अध्यक्ष मोहन साहू ने बताया कि यह खबर मिलने पर वह खुद और मुक्तिधाम अध्यक्ष शकील अली सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए। अध्यक्ष के मुताबिक ट्री-गार्ड लेने आया ड्राइवर भाजपा नेता का ड्राइवर था। दूसरा कर्मी भी भाजपा नेता और मुक्तिधाम प्रबंधक संतोष गुप्ता का व्यक्ति था। यह लोग ट्री-गार्ड उठा ले गए। उनके विरोध पर 3-4 घंटे बाद ट्री-गार्ड वापस करा दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। प्रशासन इस पर कार्रवाई करे।
उधर, मुक्तिधाम प्रबंधक संतोष गुप्ता ने बताया कि विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपने निजी खर्च से पिछले वर्ष मुक्तिधाम रोड पर पौधरोपण कराए थे। कुछ पेड़ नष्ट हो गए। इनके ट्री-गार्ड लोग उठाए लिए जा रहे थे। इन्हें सुरक्षित करने के लिए कुछ ट्री-गार्ड मुक्तिधाम परिसर में रख दिए गए। अब विधायक ने पौधरोपण के लिए यह ट्री-गार्ड मंगवाए थे। विधायक ने फोन पर इसकी पुष्टि भी की थी। ट्री-गार्ड नगर पालिका या मुक्तिधाम की संपत्ति नहीं है। विधायक के निजी खर्च से बने हैं। श्री गुप्त ने कहा कि स्थानीय वार्ड सदस्य पालिका चुनावों की खुन्नस में तिल का ताड़ बना रहे हैं।