तिंदवारी। किराए के गोदाम में मकान मालिक के बिजली कनेक्शन से धान की तौल कराना विपणन शाखा को भारी पड़ गया। चेकिंग टीम ने इस पर आपत्ति जताते हुए 15 नवंबर को बिजली की लाइन काट दी। इसके बाद से केंद्र पर धान खरीद बंद है।
टोकन मिलने के बावजूद किसान उपज लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन तौल न होने से उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। इसके उलट उत्तरी सहकारी समिति में खरीद जारी है।
कस्बे में धान खरीद के लिए विपणन शाखा और उत्तरी सहकारी समिति (बी-पैक्स) केंद्र बनाए गए हैं। विपणन शाखा ने तौल के लिए किराए पर गोदाम लिया है। यहां बिजली का उपयोग मकान मालिक के कनेक्शन से किया जा रहा था। 15 नवंबर को चेकिंग के दौरान बिजली निगम के कर्मचारियों ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई और गोदाम की लाइन को काट दिया।
साथ ही अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर तौल शुरू कराने के निर्देश दिए। कनेक्शन की व्यवस्था न होने से पांच दिन से केंद्र पर खरीद ठप है।विपणन शाखा के खरीद प्रभारी उत्तम सिंह ने बताया कि केंद्र पर अब तक चार किसानों से 44 क्विंटल धान खरीदा गया है। गोदाम सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी हैं। बिजली न होने से छापर के शिव लखन, खौंडा के सुनील और मुंगुस के रामनरेश टोकन मिलने के बाद भी धान नहीं बेच सके। उन्हें वापस लौटना पड़ा है।
वहीं उत्तरी सहकारी समिति के खरीद प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि मंगलवार तक यहां 54 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। केंद्र पर पंजीकृत किसानों से तौल जारी है। किसानों का कहना है कि खरीद केंद्र चालू होने के बावजूद बिजली कनेक्शन की समस्या के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने विपणन शाखा में जल्द अस्थायी कनेक्शन की व्यवस्था कराकर तौल शुरू कराने की मांग की है।