बांदा। बढ़ते तापमान की तपिश से जूझ रहे जनपद के लोगों को बिजली और पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। दोनों की ही आपूर्ति बुरी तरह लड़खड़ा गई है। शहर में दिन रात कोई न कोई फीडर फाल्ट और ओवरलोडिंग से घंटों बंद रहता है। उधर, जल संस्थान को मांग के मुताबिक पानी आपूर्ति करने में पसीने छूट रहे हैं। उपभोक्ता पानी के लिए रात-रात भर जागकर इंतजार कर रहे हैं। टैंकरों में मारामारी मची है।
पारा 49 और 50 डिग्री के इर्दगिद मंडराने से ट्रांसफार्मर और लाइनें तथा अन्य उपकरण भी ताबड़तोड़ फुंक रहे हैं। लगभग 24 घंटे किसी न किसी इलाके में बिजली ठप रहती है। उधर, जल संस्थान के फीडरों को भी बिजली न मिलने से जलापूर्ति नहीं हो पा रही। छावनी मोहल्ले में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति ठप है। इक्का-दुक्का टैंकर से जल संस्थान खानापूर्ति कर रहा है। सर्वाधिक बुरा हाल पंजाब बैंक की गली में है। यहां पर एक मात्र हैंडपंप है। वह भी सायं सायं करने लगता है।
स्थानीय हबीब, नफीस, जवाहर हकीम, इमरान नियाजी, मलिक अहमद, एजाज, फैजान, शाहरुख आदि ने डीएम को अर्जी देकर पेयजल संकट निदान की मांग की है। उधर, जल संस्थान अधिशासी अभियंता गंगा सागर सोनकर का कहना है कि समस्या के निदान के प्रयास किए जा रहे हैं।