बांदा। व्यापार का झांसा देकर गांव के ही एक युवक ने दूसरे युवक के नाम से अलग-अलग चार बैंकों में खाता खुलवा लिया। दो महीने में उन खातों से लाखों रुपये का लेन देन किया गया। बैंक कर्मियों को शक होने पर उन्होंने चारों खाते होल्ड कर दिए। जब जानकारी खाताधारक को हुई तो उसने देहात कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी आशीष ने शनिवार को देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके गांव के ही एक परिचित युवक ने उससे आकर कहा कि उसका व्यापार चल रहा है। अपने नाम से बैंक में खाता खुलवा लो, जो पैसा लगेगा वह देगा। उसके झांसे में आकर आशीष ने अलग-अलग चार बैंकों में अपने नाम से खाता खुलवा लिए। सभी बैंक खातों में परिचित युवक ने अपना मोबाइल नंबर एड करा लिया। उसने यूपीआई के माध्यम से लाखों रुपये का लेन देन किया है। पूरे प्रकरण में देहात कोतवाली इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस बैंक खातों की जांच कर रही है। आरोपी को कोतवाली बुलवाया गया है। पूछताछ के बाद खुलासा किया जाएगा।