नरैनी। ठेकेदार ने एक परिवार के चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर एक करोड़ सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किया है।
कस्बे के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी रामकृष्ण गर्ग ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह नगर पंचायत का रजिस्टर्ड ठेकेदार है। नरेंद्र कुमार मिश्रा से ठेकेदारी के दौरान अच्छे संबंध बन गए। नरेंद्र कुमार मिश्रा व किरण ने पिता की बीमारी पर आर्थिक मदद मांगी। इस पर चेक के जरिए बैंक खाते से नरेंद्र मिश्रा को 66 लाख 24 हजार और तीन लाख 70 हजार रुपये, पुत्री नौश्रेता को नौ लाख 75 हजार रुपये बैंक खाते में दिया। पुत्र कौस्तुक के खाते में आठ लाख 78 हजार 600 रुपये व पत्नी किरण मिश्रा को पांच लाख 30 हजार और 13 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न खातों से दिया। रामकृष्ण ने बताया कि तीन मई को जब वह पनगरा गांव के पास पहुंचा तो नरेंद्र मिश्रा अपने परिवार के साथ आ रहा था। तभी नरेंद्र की पत्नी किरण ने जानमाल की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि नरेंद्र मिश्रा ने धोखाधड़ी व विश्वासघात करके एक करोड़ सात लाख 27 हजार 600 रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कालूकुआं मोहल्ले निवासी नरेंद्र कुमार मिश्रा, उसकी पत्नी, उसके पुत्र व पुत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।