बांदा। अनियंत्रित बाइक की टक्कर से वृद्ध पुजारी की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग भी गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नरैनी-कालिंजर मुख्य मार्ग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल महाविद्यालय के सामने केशवपुर गांव में मटखना अंश रानीपुर निवासी शिवगोपाल (60) खेत में कुटी बनाकर पूजा पाठ करते थे। बुधवार की देर शाम साढ़े पांच बजे करीब शिवगोपाल मौकछ चौकी के आगे बने हुए डिवाइडर पर बैठे थे। तभी मोतियारी गांव निवासी मलखान (30), शंकर (28) व महोखर गांव निवासी अरुण (29) एक ही बाइक में सवार होकर कालिंजर से आ रहे थे।
अचानक बाइक के अनियंत्रित हो जाने से बाइक सवारों ने पुजारी को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गए। बाइक सवार तीनों भी गिरकर गंभीर घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर सभी को एंबुलेंस से नरैनी सीएचसी भेजा गया। वहां चिकित्सक लवलेश पटेल ने पुजारी शिवगोपाल को मृत घोषित कर दिया। शेष तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।