बांदा। हदबंदी के नाम पर तहसील पहुंची महिला ने लेखपाल ने छेड़छाड़ की। महिला ने प्रकरण की शिकायत थाने व चौकी में की, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई। तब महिला ने कोर्ट के आदेश पर लेखपाल के खिलाफ बबेरू कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने सीजेएम न्यायालय में वाद प्रस्तुत कर बताया कि उसकी अपनी कृषि योग्य भूमि का सीमाकंन वाद एसडीएम बबेरू न्यायालय में प्रस्तुत किया था। वाद प्रारंभिक आख्या में चल रहा है। 18 अगस्त को वह बबेरू तहसील में सीमांकन से संबंध में जानकारी लेने के लिए गांव के लेखपाल धनपत से मिलने गई थी। उसके साथ गांव की एक अन्य महिला भी थी।
लेखपाल ने उसे देखकर तहसील के परिसर में स्थित मंदिर के पास पार्क में ले गया और वहां अश्लील हरकत करते हुए उसे एक रात गुजारने की बात कही। जब उसने विरोध किया तो लेखपाल ने उसके साथ अभद्रता कर मारपीट पर आमादा हो गया। इस बीच शोर सुनकर तमाम लोग मौके पर आ गए। उसने उसी दिन शाम को बबेरू कोतवाली में तहरीर दी। लेकिन जांच अधिकारी चौकी प्रभारी बिलगांव ने अजीत प्रताप सिंह ने लेखपाल के पक्ष में जांच रिपोर्ट लगा दी।
तब उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर बबेरू कोतवाली में आरोपी लेखपाल के खिलाफ छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बबेरू कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर लेखपाल के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है।