नरैनी। खेत जा रहे वृद्ध को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर रिसौरा गांव के पास चालक को पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को अपने कब्जे में लिया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के देवरार गांव निवासी ठाकुरदीन (65) बुधवार को सुबह अपने घर से टहलते हुए खेत की ओर जा रहे थे। तभी बांदा की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नाती सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दो पुत्र नंदू व शंकर हैं। दो पुत्रियां हैं। वह खेती किसानी करते थे। तीन बीघा जमीन है। उधर, ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। गिरवां इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में वृद्ध की मौत हुई है।