फसल कतराई के लिए खलिहान जा रहे वृद्ध किसान को किसी वाहन ने कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गश्त के दौरान पहुंची पुलिस ने शव देखकर परिजनों को खबर दी। अन्य सड़क हादसों में मासूम सहित आठ राहगीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव की है। बुधवार को तड़के चंद्रपाल (60) पुत्र रामकृपाल फसल कतराई के लिए खलिहान जा रहे थे। गांव के नजदीक सड़क पार करते समय किसी वाहन ने रौंद दिया। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव देखकर आसपास लोगों से पूछताछ के बाद परिजनोें को सूचना दी। बेटे महेंद्र ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र ओम प्रकाश की भी तीन साल पहले बाइक दुर्घटना में मौत हो गई थी। पिता के नाम 25 बीघा जमीन है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक अन्य घटना में चित्रकूट के भरसौल गांव निवासी पंकज (20) पुत्र रामशरन अपनी बहन ममता (30) पत्नी कुलदीप (खरौली, कमासिन) और सुभद्रा (16) पुत्र राममिलन के साथ बाइक पर दो वर्षीय भांजे विकास का मुंडन संस्कार कराने महेश्वरी देवी मंदिर आ रहा था। रास्ते में मवेशी से टकराकर गिर गए। उधर, चित्रकूट जिले के थाना राजापुर के लमियारी गांव की गायत्री (26) पत्नी मेड़वा मंगलवार की शाम सड़क पार कर रही थी। बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के अरबई गांव का सुरेश कुमार (28) पुत्र रामजियावन अपने साथी शहर कोतवाली के फुल्लापुरवा गांव के विजय (25) पुत्र भगवानदीन के साथ अरबई से बाइक पर तिंदवारी जा रहा था। रास्ते में ब्रेकर पर गिरकर जख्मी हो गए। उधर, अतर्रा थाना क्षेत्र के लुधौरा गांव का अजय (18) पुत्र कृष्णपाल ट्रैक्टर में बैठकर पल्हरी (बिसंडा) से गांव आ रहा था। ट्रैक्टर पलट जाने से गिरकर घायल हो गया।