बांदा। जीआईसी मैदान पर 12 दिन के लिए लगाया गया मेला रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने खड़े-खड़े तीन घंटे में खाली करा दिया। मेले को जेएन डिग्री कालेज मैदान में शिफ्ट कर दिया गया है। रविवार का दिन होने से बड़ी संख्या में लोग शाम को मेला देखने पहुंचे थे। वहां दुकानों के तंबू उखड़े देखकर निराश होकर लौट गए। जीआईसी मैदान पर वीआईपी कार्यक्रम होना है।
प्रशासन की अनुमति से 14 दिसंबर को जीआईसी मैदान पर मेला/प्रदर्शनी लगाई गई थी। 25 दिसंबर चलने वाले मेले में करीब 85 दुकानें लगी थीं। रविवार को पांचवें दिन ही सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने एनाउंस कराकर मैदान खाली करा लिया। दुकानदारों को जेएन डिग्री कालेज ग्राउंड में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए। मेला प्रबंधक अशोक सागर (बदायूं) ने बताया कि मेला लगाने में लगभग 10 लाख रुपये खर्च आया था। दूसरे मैदान में मेला लगाने से लगभग पांच दिन तक कारोबार ठप रहेगा। 25 दिसंबर तक की अनुमति ली गई थी। मेले में प्रदेश के अलावा कश्मीर, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार के कारोबारी दुकानें लाए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता ने बताया कि 21 दिसंबर को बड़ा वीआईपी कार्यक्रम होना है। इसके लिए मैदान खाली कराया गया है। मेला की अनुमति देते समय बता दिया गया था कि वीआईपी के आने या अन्य कोई कार्यक्रम होने पर मैदान खाली करना पड़ेगा। इसी शर्त पर प्रदर्शनी हटवाई गई है। सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर मेला हटवाया गया है।