बांदा। शहर के चर्चित और पुलिस के लिए फांस बन गए भाजपा नेता पुत्र अमन त्रिपाठी हत्याकांड की जांच अब एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम) करेगी। पुलिस महानिरीक्षक निर्देशन करेंगे और रोजाना इसकी रिपोर्ट लेंगे।
रोजाना तूल पकड़ रहे अमन हत्याकांड को लेकर पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा खुद आगे आ गए हैं। बुधवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित अपर पुलिस अधीक्षक, सदर व शहर क्षेत्रों के क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और स्वाट टीम प्रभारी के साथ बैठक कर घटना और दर्ज रिपोर्ट से संबंधित अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
आईजी ने निर्देश दिया कि अब इस घटना की जांच अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित एसआईटी करेगी। घटनास्थल के फोटो, वीडियो और विवेचना, नामजद व संदिग्ध अभियुक्तों की फोन कॉल डिटेल आदि की गहराई से जांच की जाएगी।
इस बारे में विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ से भी वैज्ञानिक राय लेने को कहा। घटना के कारणों की भी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। शीघ्र अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर दिया। आईजी ने कहा कि वह खुद इसका निर्देशन करेंगे। अपर एसपी रोजाना आईजी को एसआईटी द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट देंगे।
कांग्रेस नेताओं ने जताई संवेदना
बांदा। कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को भाजपा नेता संजय त्रिपाठी के घर जाकर उनके पुत्र अमन की हत्या पर दुख जताया और संवेदना व्यक्त की। साथ ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने पर कहा कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। कहा कि यह प्रकरण प्रियंका गांधी तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, महिला अध्यक्ष सीमा खान, वीरेंद्र तिवारी, इरफान खां आदि शामिल रहे।