पन्ना टाइगर रिजर्व पार्क में काले हिरण की नजदीक से ली गई तस्वीर।
- फोटो : BANDA
बांदा। वन्य जीव दिवस पर बुंदेलखंड के विश्व विख्यात पन्ना टाइगर नेशनल पार्क से अच्छी खबर आई है। बाघ और गिद्ध सहित कई दुर्लभ वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण स्थल पार्क में अब दुर्लभ प्रजाति के कृष्ण मृग (काला हिरण) ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। पार्क प्रबंधन के ड्रोन कैमरों में लगभग आधा दर्जन हिरण कैद हुए हैं।
पन्ना (एमपी) स्थित नेशनल टाइगर रिजर्व पार्क बाघ और गिद्ध के लिए देश-विदेश में विख्यात है। बड़ी संख्या में यहां रोजाना पर्यटक इन जीव-जंतुओं का काफी नजदीक से दीदार कर लुत्फ लेते हैं। पर्यटकों को यहां काले हिरण पूर्व में नजर नहीं आते थे।
लेकिन अब दुर्लभ प्रजाति के काले हिरण भी अब पर्यटकों को नजर आ सकते हैं। हालांकि अभी पार्क में इनकी तादाद गिनीचुनी है, लेकिन कुनबा बढ़ने के आसार हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि ड्रोन कैमरों से ली गई तस्वीरों में पार्क के अमानगंज बफर रेंज में करीब आधा दर्जन कृष्ण मृग नजर आए हैं।
इन्हें काला हिरण और भारतीय एंटी लोक भी कहा जाता है। इनकी संख्या बहुत ही कम है। यह दुर्लभ और लुप्त प्रजातियों की श्रेणियों में हैं। उन्होंने बताया कि काले हिरण आमतौर पर ऐसे स्थानों पर पाए जाते हैं जहां घास का मैदान हो और पानी पर्याप्त हो। डायरेक्टर ने बताया कि पार्क प्रबंधन हिरणों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी कर रहा है।
ड्रोन कैमरे में नजर आया काले हिरणों का जोड़ा।- फोटो : BANDA
पार्क के डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा।- फोटो : BANDA