कोविड-19 अस्पताल व राजकीय मेडिकल कालेज।
- फोटो : BANDA
बांदा/नरैनी। चित्रकूटधाम मंडल में कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या के मद्देनजर कोविड-19 अस्पताल/राजकीय मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्डों में बेडों की संख्या डेढ़ गुना बढ़ा दी गई है। अब यहां की क्षमता 250 से बढ़कर 425 बेड की हो गई है। इसके अलावा कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए 10 वेंटीलेटर से लैस बेड भी तैयार हैं। उधर, मेडिकल कालेज से डिस्चार्ज किए गए 9 संक्रमित मरीजों को क्वारंटीन के लिए एल-1 कोविड अस्पताल नरैनी में शिफ्ट किया गया है।
कालेज प्रिंसिपल डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही कोविड-19 अस्पताल में बेडों की संख्या बढ़ाकर 425 कर दी गई है। अब यहां 425 संक्रमित मरीजों को भर्ती कर एक साथ इलाज किया जा सकेगा। हालांकि मैनपॉवर की समस्या आड़े आ सकती है। फिर 8-8 घंटे की शिफ्ट में तीन टीमें मरीजों का इलाज कर रही हैं।
यह भी बताया कि शासन से 15 वेंटीलेटर कालेज को प्राप्त हो गए हैं। कोरोना के गंभीर मरीजों के लिए वेंटीलेटर से लैस 10 बेड अलग तैयार कर लिया गया है। शेष वेंटीलेटर भी इंस्टाल हैं। जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यहां डिस्चार्ज किए गए मरीजों को एक सप्ताह क्वारंटीन में रहना होगा। क्वारंटीन मानक पूरे न करने वाले मरीजों को नरैनी सीएचसी/एल-1 कोविड अस्पताल में क्वारंटीन किया जाएगा। यहां से 9 मरीजों को नरैनी क्वारंटीन में भेजा गया है।
उधर, नरैनी कोविड अस्पताल में कुल 60 बेड हैं। इनमें 30 बेड आइसोलेशन रोगियों के लिए तथा 30 बेड क्वारंटीन मरीजों के लिए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस राजपूत ने बताया कि मेडिकल कालेज से डिस्चार्ज होने वाले 9 मरीज यहां क्वारंटीन में भेजे गए हैं। ये सभी कोरोना पॉजिटिव रहे हैं और दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें एक सप्ताह के लिए क्वारंटीन किया गया है।