बांदा। संभागीय परिवहन विभाग ने फिटनेस सही न कराने वाले 16 स्कूली वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। इसके अलावा 51 स्कूली वाहनों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। रविवार के कैंप में फिटनेस कार्य नहीं कराया तो इन वाहन मालिकों को महंगा पड़ेगा।
जिले में संचालित निजी स्कूलों में करीब एक हजार स्कूली बसों व वैन का परमिट जारी किया गया था। इनमें से तमाम वाहन बिना फिटनेस के ही बच्चों का जीवन दांव पर लगाकर दौड़ रहे थे। अनफिट स्कूली वाहनों से हुए हादसों के बाद शासन ने सख्ती दिखाई। संभागीय परिवहन विभाग ने दस से 20 जुलाई तक विशेष जांच अभियान चलाया। इसमें करीब 200 वाहनों के चालन किए गए, जो नियमों को धता बताते हुए चल रहे थे। कई के पास परमिट ही नहीं थे।
इसके अलावा 60 से ज्यादा ऐसे वाहन मिले जो बिना फिटनेस के बच्चों को लेकर दौड़ लगा रहे थे। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शंकरजी सिंह ने इन वाहन स्वामियों को 31 जुलाई तक का समय दिया, लेकिन वाहन स्वामियों ने फिटनेस कार्य नहीं कराया।
शनिवार को उन्होंने संत तुलसी व फातिमा गर्ल्स, तथागत ज्ञान स्थली स्कूल सहित अन्य स्कूलों के 16 वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि फिटनेस समाप्त हो चुके वाहनों की जांच के लिए रविवार चार अगस्त को एआरटीओ कार्यालय में कैंप लगाया जा रहा है। विद्यालयों में लगे वाहनों के स्वामी कैंप में आकर वाहनों का फिटनेस सही करा लें अन्यथा चिह्नित की गई 51 बसों का रजिस्ट्रेशन समाप्त कर दिया जाएगा।