बांदा। सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर खंड विकास अधिकारी बडोखर व बबेरू को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सीडीओ ने बताया कि बबेरू में 61 ग्राम पंचायतों में महज 53 ग्राम पंचायतों में ही कार्य चल रहे हैं। श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार देने की प्रगति भी ठीक नहीं है।
श्रमिकों की संख्या निरंतर घटती जा रही है। सोशल आडिट में मिली अनियमितताओं पर सचिवों से रिकवरी नहीं की जा रही है। विकास खंड बड़ोखर में 59 ग्राम पंचायतों में 55 में कार्य चल रहे हैं। यहां भी उपरोक्त स्थितियां हैं। सीडीओ ने बबेरू बीडीओ डा. प्रभात द्विवेदी, बड़ोखर बीडीओ डा. अजय कुमार पांडेय को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा। अन्यथा की दशा में शासन को कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी है।