पैलानी। पलरा गांव में पेयजल समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों ने पलरा पंप हाउस पर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि जल संस्थान की टंकी से आपूर्ति बंद है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए नलों में भी हफ्तों पानी नहीं आता। आपूर्ति होने पर कई बार गंदा पानी आने की शिकायत है।
सौरभ सिंह ने कहा कि पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, तहसील अध्यक्ष भोले, ग्राम प्रधान रामदयाल सिंह, धीरज सिंह समेत ग्रामीण शामिल रहे। बरेठी कला में भी जल संस्थान की टंकी बंद होने से पेयजल संकट है। बुंदेलखंड-कानपुर क्षेत्र भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी ने बताया कि जल जीवन मिशन की आपूर्ति आधे गांव तक ही पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पीने योग्य पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की बात कही। प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया तो शनिवार को 11 बजे दोहतरा रोड पर चक्काजाम की चेतावनी दी गई। धरने में ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, सिवाकांत तिवारी, संजय द्विवेदी, अंबिकापुर प्रसाद अवस्थी, कल्लू विश्वकर्मा और बदलू पाल समेत ग्रामीण मौजूद रहे।