बबेरू। तहसील बार एसोसिएशन चुनाव में सोमवार को नाम वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष पद पर कोई नाम वापस नहीं लिया गया। चार प्रत्याशियों रामप्रताप वर्मा, संतोष कुमार यादव, शिव कुमार सिंह और छोटकूराम चुनाव मैदान में हैं।
महामंत्री पद में सुनील कुमार पांडेय के नाम वापस ले लेने से अब महेश कुमार श्रीवास्तव और नरोत्तम सिंह यादव के बीच मुकाबला होगा। अन्य पदों पर निर्विरोध चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। पुस्तकालय अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य और संयुक्त सचिव के पर्चे खामियों के चलते निरस्त कर दिए गए।
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन नरेश सिंह यादव ने बताया कि 21 नवंबर को सुबह 8.30 बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान के बाद शाम को मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। कुल 176 मतदाता हैं। नाम वापसी के मौके पर एल्डर्स कमेटी सदस्य मैकूलाल प्रजापति, प्रभुदत्त पांडेय, जय गोपाल गुप्ता, संतोष अनुरागी, भूपत बाबू, चंद्रप्रकाश आदि उपस्थित रहे।