बांदा। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा का जादू
चला। भाजपा और कांग्रेस भी सत्तारूढ़ दल की झोली में आ गए। सपा प्रत्याशी
निर्मला सिंह ने 30 में 25 वोट हासिल कर अपनी प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी
कैलशिया देवी को 20 मतों से पराजित किया। कैलशिया को सिर्फ पांच वोट मिले।
बृहस्पतिवार
को तगड़ी सुरक्षा में कलेक्ट्रेट स्थित डीएम के न्यायालय कक्ष में सुबह 11
से शाम तीन बजे तक वोट पड़े। 11:55 बजे सबसे पहले बल्देव वर्मा बसपा की
अघोषित प्रत्याशी अपनी पत्नी कैलशिया और प्रस्तावक राजेश शिवहरे के साथ आए।
कैलशिया ने मतदान किया।
कुछ देर बाद 11:58 बजे सपा विधायक विशंभर
सिंह यादव सपा प्रत्याशी निर्मला सिंह को लेकर आए। उनके साथ जिला पंचायत
सदस्य दीपा सिंह गौर, पुष्पा दिवाकर, गीता सिंह, आशा और जिला सपा अध्यक्ष
शमीम बांदवी और महासचिव राजेंद्र यादव भी थे। पांचोें महिला सदस्यों ने
मतदान किया।
तीसरा जत्था 12:05 बजे जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष
महेंद्र सिंह वर्मा के साथ उन्हीं के वाहन में आया। इनके साथ आई उनकी पत्नी
आशा वर्मा, नीतू सिंह, अंजना सिंह, आराधना यादव, प्रीती कुमारी ने मतदान
किया।
चौथा जत्था 12:20 बजे विधायक विशंभर सिंह यादव के वाहन पर
कलेक्ट्रेट आया। उनकी पत्नी रमा यादव, सरिता द्विवेदी, आशा देवी, मीना
भारती और सुखदेव प्रसाद शामिल थे।
12:30 बजे खैरुन निशा और अरुण
कुमार सिंह ने मतदान किया। 12:40 बजे जितवा यादव, अरविंद त्रिपाठी, राज
कुमार यादव और रामकुमार निषाद आए और वोट डाले।
12:50 बजे राजभवन
उपाध्याय, असलम खां, सुधीर कुमार कुशवाहा और रामबाबू ने मतदान किया। 12:55
बजे मंजू देवी आईं और वोट डाला। सबसे अंत में करीब दो बजे विनीतिका
द्विवेदी और नीलम त्रिपाठी वोट डालने आईं। कलेक्ट्रेट के बाहर बड़ी तादाद
में सपाइयों का जमघट रहा।
तीन बजे मतगणना शुरू हुई। 30 मिनट बाद
डीएम सुरेश ने नतीजा घोषित किया। डीएम ने 25 वोट पाकर भारी अंतर से जीतीं
निर्मला देवी को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र सौंपा।
चुनाव आयोग
के प्रेक्षक केदार सिंह भी मौजूद रहे। जीत का एलान होते ही सपाइयों ने जश्न
शुरू कर दिया। दीपा सिंह गौर समेत कई डीडीसी और भतीजे लाखन सिंह ने
निर्मला सिंह को माला पहनाई।
इस मौके पर सपा हाईकमान द्वारा
नियुक्त चुनाव प्रभारी एमएलसी रामवृक्ष यादव, सांसद विशंभर प्रसाद निषाद,
विधायक विशंभर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, पूर्व जिला पंचायत
अध्यक्ष शकील अली, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष इमरान अली, इम्तियाज खां, महासचिव
राजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।