नरैनी। घर के सामने रहने वाली किशोरी को बरगलाकर अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। परिजनों को जानकारी हुई तब तक किशोरी गर्भवती हो गई। परिजनों ने किशोरी का गर्भपात कराकर भ्रूण को गांव के बाहर दफना दिया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। गांव में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से अधेड़ उम्र पड़ोसी दयाराम दुष्कर्म करता रहा। एक वर्ष तक पीड़िता ने अपने माता-पिता को जानकारी नहीं दी। जब किशोरी को चार माह का गर्भ ठहर गया, तब जानकारी हो सकी। परिजनों ने किशोरी का गर्भपात करवाया और भ्रूण को गांव के बाहर गड्ढे में दफना दिया। बाद में परिजन पीड़िता को चौकी ले गए और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली निरीक्षक राममोहन राय ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएनए टेस्ट के लिए सेंपल लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की तहकीकात की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।