दिल्ली में नसीर अहमद सिद्दीकी को सम्मानित करतीं प्रतिमा खंडेलवाल
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। देश की राजधानी दिल्ली को शिक्षित बनाने में बुंदेलखंड के बाशिंदों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। इसकी ताजी बानगी बुंदेलखंड के मूल निवासी अध्यापक नसीर अहमद सिद्दीकी को दिल्ली में ‘लीडरशिप एंड एक्सीलेंस इन एजूकेशन अवार्ड-2016’ दिया गया है।बांदा के मूल निवासी श्री सिद्दीकी पिछले दो दशकों से दिल्ली सरकार के परिषदीय विद्यालय में अध्यापक हैं। साथ ही वह गैरसरकारी बुंदेलखंड विकास मंच के महासचिव हैं और दिल्ली में झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे प्रवासी बुंदेलखंडियों के उत्थान और विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन काम और प्रबंधन तथा नेतृत्व के लिए श्री सिद्दीकी को रविवार को दिल्ली के पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू सभागार में आयोजित समारोह में उपरोक्त अवार्ड दिया गया है। यह अवार्ड नालेज 360 प्रोग्रेस टू वर्ड्स परफेक्शन संस्था ने सोशल आर्गनाइजेशन फार कम्युनिटी हेल्प (सोंच) और सहज संभव संगठनों समेत देश की कई नामीगिरामी कंपनियों के सहयोग से दिया गया है। संस्था के सचिव प्रो. डॉ. आशुतोष शर्मा और उपाध्यक्ष विजय बाधवा ने बुंदेलखंड के मूल बाशिंदे श्री सिद्दीकी द्वारा दिल्ली में शिक्षा क्षेत्र में दिए जा रहे बेहतरीन योगदान को सराहा और अवार्ड सौंपा। संस्था अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरपी खंडेलवाल, नालेज 360 संस्था की अध्यक्ष प्रतिमा खंडेलवाल आदि ने श्री सिद्दीकी को शाल, प्रशस्ति पत्र और कढ़ी पत्ता का पौधा देकर सम्मानित किया।