बांदा। शहर के एक मोहल्ला स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस दौरान जब दंपती ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया तो कर्मचारियों ने उनकी पिटाई कर दी। इससे नाराज दंपती मृत बच्चे का शव कोतवाली लेकर गए और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महोबा जनपद के ग्योड़ी गांव निवासी अशोक सोमवार को अपने एक वर्षीय बेटे को बुखार आने पर उसे दिखाने के लिए शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम आया था। अशोक का आरोप है कि डॉक्टर ने उनसे 15 हजार रुपये एडवांस मांगा।
पांच हजार रुपये देने पर डॉक्टर ने उसका चार घंटे तक कोई इलाज नहीं किया और पैसा मांगते रहे। काफी मिन्नत करने के बाद शाम को एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन के लगते ही बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। आरोप लगाया कि पांच मिनट में उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि जब चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया तो अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। रात में वह अपने बच्चे का शव लेकर कोतवाली पहुंचा। काफी देर तक पुलिस टालमटोल करती रही।
बाद में पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र का कहना है कि तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।