खत्री पहाड़। प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में दर्ज 140 लाभार्थियों का पंजीकरण नहीं कराया गया। साथ ही पात्रता सूची से नाम खारिज कर उसका समापन करा दिया गया। डेढ़ साल से पूरे मामले की जानकारी सचिव से मांगी जा रही है, मगर वह राज्य सूचना आयोग के निर्देशों का भी पालन नहीं कर रहे।
विकास खंड महुआ के स्योढ़ा गांव निवासी व आरटीआई कार्यकर्ता इश्त्याक अहमद ने बताया कि ग्राम पंचायत की आवास पात्रता सूची में दर्ज 140 पात्र लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन न किए जाने व सभी के नाम काटने की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत सचिव लवकुश कुमार से मांगी गई थी। डेढ़ वर्ष पूर्व सचिव को हाथों-हाथ आवेदन देने के बाद भी उनके द्वारा कोई जानकारी नहीं उपलब्ध कराई गई। मामला राज्य सूचना आयोग में भी लंबित है, जहां से कई बार सचिव को नोटिस जारी कर सूचना दिए जाने के लिए आदेशित किया गया। बावजूद इसके वह हीलाहवाली कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची का चयन व सत्यापन पूर्व पंचवर्षीय में तत्कालीन ग्राम प्रधान के कार्यकाल में हुआ था।
वर्जन
किसी भी पात्र का नाम सूची से नहीं काटा गया, सभी आरोप निराधार है। आने वाले समय में ग्राम पंचायत के चुनाव होने है, इसी के मद्देनजर भूमिका बनाई जा रही है। -लवकुश कुमार, सचिव।