बबेरू। घर में सो रही 70 वर्षीय विधवा की बदमाशों ने पत्थर से सिर कूंचकर हत्या कर दी। बदमाश उसके सोने-चांदी के जेवर और घर रखी नकदी ले गए। भतीजे ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और जेवर लेने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव में दहशत की स्थिति है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव की है। कौशिल्या पटेल पत्नी स्व. कीरत प्रसाद मंगलवार की रात घर के बरामदे में अकेले सो रही थी। दरवाजे बंद थे। रात को किसी समय दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने उसके सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ प्रहार करके हत्या कर दी।
कौशिल्या के कान के झुमके, हाथों की चूड़ी, पायल आदि ले गए। परिजनों के मुताबिक 32 हजार रुपये भी रखे थे। वह भी ले गए। बुधवार को सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर कौशिल्या की बहन का लड़का कमलेश और नाती परशुराम सीढ़ी लगाकर अंदर दाखिल हुए। चारपाई के नीचे जमीन पर लहूलुहान शव पड़ा मिला।
खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गांव के महिला-पुरुष घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और क्षेत्राधिकारी सियाराम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक और डाग स्क्वायड टीम ने घर व आसपास का बारीकी से निरीक्षण किया।
जानकारी के मुताबिक कौशिल्या के पति की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो चुकी। वह नि:संतान थी। 16 बीघा जमीन थी। इसमें चार बीघा छोड़कर शेष अपने नातियों के नाम कर दी थी। बताया कि हाल ही में धान बेचा था, जिसके 32 हजार रुपये भी रखे थे। वह भी नहीं हैं। कोतवाली इंसपेक्टर बांके बिहारी सिंह ने बताया कि भतीजे वंशगोपाल ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।