चित्रकूट। खोही विद्युत उपकेंद्र में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर सांसद कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण खंड बांदा को पत्र भेजकर जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है।
खोही निवासी उपभोक्ता शिव शंकर पांडेय ने उपकेंद्र के नोडल अधिकारी सीताराम पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और विद्युत चोरी कराने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कर्मचारी ट्रांसफार्मर लगाने, मीटर बदलवाने और नए कनेक्शन देने में पैसों की मांग करता है। पैसे न देने पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जाता है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 22 सितंबर की रात एक मोबाइल कंपनी से रुपये लेकर जल संस्थान कर्वी के सरकारी ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से तार जोड़कर टावर में विद्युत आपूर्ति कराई। परिक्रमा मार्ग स्थित एक घर में मीटर में करीब 25 हजार यूनिट दर्ज थीं। नोडल ने यह मीटर हटाकर नया लगवा दिया।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि अवैध रूप से धन लेकर बिना आवेदन के विद्युत चोरी करवाना उक्त कर्मचारी की नियमित कार्यशैली बन चुकी है, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है। सांसद ने मुख्य अभियंता से कर्मचारी के कृत्यों की जांच करने व जांच के दौरान उसका स्थानांतरण अन्यत्र करने के लिए कहा है।
उधर, सीताराम का कहना है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। यदि पूरे प्रकरण की जांच होती है तो सही तथ्य सामने आ जाएंगे। बाकी किसी पत्र के बारे में जानकारी नहीं है।
वर्जन
प्रकरण की जानकारी मुझे नहीं है। मामले की जांच करा कर ही कुछ बता पाउंगा।-सुरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत