बांदा। मां के सोते ही 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर ने कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल परिजन खुदकुशी की वजह नहीं बता सके। मृतक परिवार समेत पंजाब में ईंट पाथता था। लॉकडाउन में घर लौटा था।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पिस्टा गांव में लवकुश (20) पुत्र रामराज वर्मा ने शनिवार की देर रात कच्चे कमरे में रस्सी से फांसी लगा ली। मां सावित्री ने शव लटका देखा तो परिजनों को घटना के बारे में बताया। रविवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
पिता ने बताया कि लवकुश अविवाहित और दो भाइयों में बड़ा था। लॉकडाउन में पंजाब से घर लौटा था। उसे दो दिन से बुखार आ रहा था। निजी क्लीनिक में दवा चल रही थी। कोई काम आदि न मिलने पर तंगी के हालात हैं। फिलहाल वजह नहीं बता सके।