फोटो-2- बारिश से बचने का प्रयास करते लोग। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
बांदा/चित्रकूट। भीषण गर्मी के बीच बुधवार की दोपहर हुई तेज हवा के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। 20 मिनट की बारिश से तापमान 10 डिग्री लुढ़ककर 37 डिग्री पर आ गया। आंधी से दुकानों में लगी टिनशेड और पन्नी उड़ गईं। कई जगह पेड़ गिर गए। इससे बिजली भी गुल हो गई।
नरैनी संवाद के अनुसार, किसान श्रवण कुमार ने बताया कि सही समय पर होने वाली वर्षा अच्छा संकेत है। बारिश हुई तो ज्वार, बाजरा, अरहर, मूंग, उड़द, सोयाबीन, तिल की बोआई सही समय पर हो जाएगी। गंगापुरवा के किसान चंद्र प्रकाश पाठक ने कहा कि थोड़ा और पानी हो जाए तो खरीफ फसलों की तैयारी शुरू हो जाए।
चित्रकूट में आंधी से कई खंभे टूट गए। पुरानी बाजार में अनियंत्रित ट्रक एक बिजली के खंभे से टकरा गया। इससे तार टूट गए। आंधी से प्रयागराज रोड के पिपरावल पुल के पास लगा नगर पालिका का गेट बीच से टूट गया। इससे पुरानी बाजार से लेकर प्रयागराज रोड तक के कई मोहल्लों की आपूर्ति बंद रही। चंद्रगहना के किसान रामस्वरूप ने बताया कि आषाढ़ माह के पहले दिन बारिश अच्छी बारिश की उम्मीद जगी है।